CG NEWS : 210 लीटर डीजल के साथ 2 चोर गिरफ्तार...
कोरबा : कोरबा पुलिस ने खदान से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लगभग 210 लीटर डीजल बरामद हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल को मुखबीर से सूचना मिली कि कुछ लोग दीपका खदान में लगे वाहनों से डीजल चोरी कर ग्राम दर्राखांचा हरदीबाजार, दीपका बाईपास रोड के पास किनारे में छिपा कर रखे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए उप थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में हरदीबाजार पुलिस सूचना स्थल के लिए रवाना हुई।
मुखबीर के बताए स्थान पर पुलिस पार्टी पहुंची तो 2 लोग पार्टी को देखकर भागने लगे। पुलिस पार्टी ने घेराबंदी कर 2 लोगों को मौके पर पकड़ा। इनके कब्जे 35-35 लीटर के 6 प्लास्टिक जरीकेन,जिसमें प्रत्येक में 35-35 लीटर डीजल भरा हुआ बरामद किया गया। पकड़े गये व्यक्ति से पूछताछ करने पर अपना नाम राज कुमार रोहिदास पिता जगत राम रोहिदास उम्र 23 वर्ष चौकी चैतमा, थाना पाली, जिला कोरबा (छ.ग.), तथा रोहित चौहान पिता सावन सिंह चौहान उम्र 22 वर्ष ग्राम अण्डीकछार, चौकी हरदीबाजार, जिला कोरबा (छ.ग.) का रहने वाले बताए। डीजल के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि एसईसीएल दीपका खदान में लगे वाहनो से डीजल चोरी कर लाए हैं।
आरोपियों के कब्जे से कुल 210 लीटर डीजल जुमला कीमती 21,000/- रूपये को गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायायिक हिरासत में भेजा गया है।




