CG NEWS : 24 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार , नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई
महासमुंद : जिले के एनएच 53 में वाहन जांच के दौरान ओडिशा पासिंग कार से 24 किलो गांजा बरामद किया गया। उक्त गांजा कार में सवार दो लोगों द्वारा मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था। बरामद गांजे की कीमत 4.80 लाख रूपए बताई जा रही है। सिंघोड़ा पुलिस ने दोनो आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को एनएच 53 में एमवी एक्ट के तहत वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान गनियारीपाली के पास वाहन जांच के दौरान ओडिशा की ओर से एक सफेद रंग की जेस्ट कार क्रमांक ओडी 31 डी 4099 आती दिखाई दी, जिसमें दो लोग सवार थे। नाम पूछने पर वाहन चालक ने अपना नाम विकास मालिक पिता कुशाद्वज मालिक 27 वर्ष निवासी खमार एवं दूसरे ने निर्मल विस्वाल पिता हेमंत विस्वाल 26 वर्ष निवासी कुरूमुण्डा थाना मनमुण्डा औद्ध ओडिशा का होना बताए।
वाहन की जांच करने पर डिक्की में खाकी रंग के 24 पैकेट बरामद किया गया, जिसमें गांजा भरा हुआ था। पूछताछ में आरोपियों ने इसे बिक्री के लिए मध्यप्रदेश ले जाना बताया। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेंम्भूलकर एवं एसडीओपी विकास पाटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू एवं स्टॉफ का योगदान रहा।




