CG NEWS: महिला सरपंच के यहा 35 तोला सोना व नगदी 30 लाख चोरी,जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर: महिला सरपंच के घर से 35 तोला सोना, 30 लाख नकदी समेत कुल 50 लाख रुपए की चोरी कर लेने की रिपोर्ट मस्तुरी थाने में दर्ज करायी गई है।
बताया गया है कि घटना के वक्त सरपंच का परिवार घर में ही सो रहा था। उसी दौरान अज्ञात चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल मस्तूरी पुलिस अब घर में और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों का पता लगा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक गिरिजा देवी अग्रवाल पति कमल अग्रवाल जयराम नगर की सरपंच हैं। शुक्रवार की रात गिरिजा देवा और उनका परिवार जयराम नगर स्थित अपने घर में खाने के बाद सो गया था। इसके बाद जब घरवाले अगले दिन शनिवार को सुबह सोकर उठे तो देखा कि घर के अंदर रखी अलमारी का दरवाजा टूटा हुआ था और उसमें रखे 30 लाख नकद और जेवरात नहीं थे।
इस पर गिरिजा देवी ने तुरंत इस बात की सूचना पुलिस को दी है। जिसके बाद पुलिस की टीम डॉग स्क्वाड को लेकर घटना स्थल पर पहुंची है। गिरिजा देवी के पति कमल अग्रवाल ने बताया कि घर में 30 लाख रुपए नकद और करीब 35 तोला सोना रखा हुआ था। जिसे चोर चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए सोने की बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपए बतायी जा रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोर का पता लगा रही हैं। उन्होंने बताया कि सरपंच के पति कमल अग्रवाल का क्रेशर है। अब तक की जांच में 30 लाख की चोरी का पता चला है, अभी आंकलन किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक पुलिस इस मामले में भी जांच करेगी कि आखिर महिला सरंपच के घर इतनी रकम कहां से पहुंची।




