CG NEWS: 15 साल की लड़की से शादी का वादा कर बनाया शारीरिक संबंध, गर्लफ्रेंड प्रेग्नेंट हुई तो गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 15 साल की नाबालिक लड़की को शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक शादी का वादा करके लगातार 2 सालों से उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। इस दौरान लड़की 5 माह की प्रेग्नेंट हो गई। इस बात का पता लड़की की मां को तब चला, जब एक दिन पीड़िता के पेट में दर्द शुरू हो गया। इसके बाद लड़की की मां की ही शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नाश्ते की दुकान पर हुई मुलाकात
मामला नेवई थाने के न्यू मार्केट स्टेशन मरोदा क्षेत्र का है। यहां के रहने वाले संतोष कुमार निषाद (20) ने 15 साल की नाबालिग को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। जानकारी के मुताबिक, वह न्यू मार्केट स्टेशन मरोदा में नाश्ता बेचने का काम करता है। वहीं पर लड़की अक्सर समोसा और भजिया लेने आया करती थी। दोनों की मुलाकात 2 साल पहले ही संतोष की दुकान में हुई थी।
इसके बाद नाबालिग किसी न किसी बहाने से संतोष से मिलने जाने लगी।संतोष ने इसी का फायदा उठाकर पहले उसे प्रपोज किया। फिर कहा कि तुमसे ही शादी करूंगा। फिर छात्रा को वो अक्सर सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। यह सिलसिला चल ही रहा था कि अचानक एक दिन पीड़िता को घर में पेट में दर्द शुरु हो गया। उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां जांच करने पर पता चला कि वह पांच महीने की प्रेग्नेंट है।
लड़की ने छोड़ दी थी पढ़ाई
इस पूरे मामले में नेवई थाना प्रभारी संतोष मिश्रा ने बताया कि नाबालिग लड़की के साथ आरोपी लगातार दुष्कर्म कर रहा था, जब कि उसे पता था कि वो नाबालिग है। मामले में शिकायत मिलने के बाद आरोपी की तलाश करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। नाबालिग ने सातवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी।




