CG NEWS: लोग नहीं लगवा रहे थे कोरोना टीका, फिर महिला सरपंच ने किया ये अनोखा काम.......
सरकार वैक्सीनेशन के लिए लोगो को जागरूक कर रही है। फिर भी वैक्सीनेशन से दूर भाग रहे है, कुछ लोगों ने पहला टीका लगवाया, लेकिन दूसरी डोज के लिए नहीं पहुंचे। कई तो ऐसे भी हैं, जिन्होंने पहली डोज ही नहीं लगवाई। छत्तीसगढ़ के जांजगीर के पंचायत में भी ऐसा हुआ। इसे देखते हुए सरपंच ने इनामों की बौछार कर दी। कहा, वैक्सीन लगवाओ और इनाम पाओ। असर यह हुआ कि पंचायत के 70 फीसदी लोगों का टीकाकरण हो गया।
दरअसल, बलौदा ब्लॉक के ग्राम पंचायत कुदरी का आश्रित गांव है घुठिया। यहां की आबादी करीब 1500 लोगों की है। इसमें से 900 लोग वैक्सीन लगवाने के पात्र हैं, पर वैक्सीनेशन को लेकर ग्रामीण बच रहे थे। इसको लेकर तमाम प्रचार किया गया, लोगों को जागरूक किया गया। इसके बाद भी वैक्सीनेशन की दर महज 15 फीसदी तक ही पहुंच सकी। इसे देखते हुए सरपंच बबली यादव ने वैक्सीनेशन कराने वालों के लिए इनाम की घोषणा कर दी।
घोषाणा के बाद 600 से ज्यादा लोगों ने लगवाए टीके
इनाम की घोषणा से पहले महज 100 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया था, लेकिन लकी ड्रॉ की घोषणा के बाद अब तक 600 से ज्यादा लोग टीके लगवा चुके हैं। सरपंच बबली यादव कहती हैं कि गांव के लोगों में जागरूकता की कमी है। संक्रमण से ज्यादा उन्हें टीके से डर लग रहा था। कुछ लापरवाह भी बने थे। ऐसे में गांव को कोरोना से सुरक्षित करने के लिए इनाम का ऐलान किया गया। इसका सकारात्मक असर सामने आया है।
इनाम में इंडक्शन से लेकर टी सेट तक, आज रात लकी ड्रॉ
कोरोना का वैक्सीन लगवाने वाले को लक्की ड्रॉ के माध्यम से इंडक्शन चूल्हा, पंखा, कूकर, आयरन, थाली सेट, गिलास सेट, कटोरी सेट, नाश्ता सेट, चाय कप सेट दिया जाएगा। इसके लिए पंफलेट छपवाए गए। इसमें लिखा गया कि 31 अक्टूबर तक कोविड टीका लगवाने के बाद अपनी पर्ची पंचायत भवन में जमा करें। टीका लगवाने वाले को लकी ड्रॉ से उचित इनाम दिया जाएगा। अब इनाम पाने वालों की घोषणा सोमवार रात तक की जाएगी।




