CG NEWS: बीमार युवक के मज़बूरी का फायदा उठाकर चोरों ने युवक की बाइक चुराई, मामला दर्ज
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से चोरी का मामला सामने आया है, शहर में एक युवक की मजबूरी का फायदा चोरों ने बखूबी उठाया। दरअसल युवक की तबीयत रास्ते में बिगड़ी तो वह फुटपाथ पर बाइक छोड़कर अपने घर चला गया। सुबह उसी जगह पर लौटा तो बाइक गायब थी। अब युवक ने मामले की शिकायत खमतराई थाने में की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुढ़ियारी के अंबेडकर चौक में रहने वाला जीतू प्राइवेट नौकरी करता है। देर रात वह अपनी बाइक से गोगांव में रहने वाली नानी से मिलकर घर लौट रहा था। बसंत बिहार के ओवर ब्रिज के नीचे पहुंचा था कि अचानक चक्कर आने से वह गिर पड़ा था। आसपास मौजूद लोगों ने उसकी मदद की कुछ देर बाद वह लिफ्ट लेकर अपने घर लौट गया। उसकी अवेंजर बाइक ब्रिज के नीचे ही पार्क की गई थी। मगर सुबह तक उसे चोर अपने साथ ले गए।
कंस्ट्रक्शन कंपनी की साइट पर धावा
रायपुर के दीनदयाल नगर थाना इलाके में भी एक चोरी का मामला पहुंचा है । रविंद्र जैन नाम के एक अकाउंटेंट ने शिकायत की है कि उनकी कंस्ट्रक्शन कंपनी का कुछ काम रायपुरा के बंकिम शुक्ला नाम के व्यक्ति के मकान में चल रहा था। यहां कंपनी के कंस्ट्रक्शन में इस्तेमाल होने वाले सेंटरिंग पाइप रखे गए थे। देर रात चोरों ने इस मकान में धावा बोला और कंस्ट्रक्शन एरिया में रखे 80 सेंटरिंग पाइप चुरा कर अपने साथ ले गए। पुलिस को शक है कि इस मामले में एक से अधिक चोरों ने घटना को अंजाम दिया गया हो गया होगा और किसी छोटे माल वाहक वाहन का भी इस्तेमाल किया गया होगा। फिलहाल इस मामले में FIR दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।




