CG NEWS : ट्रेचिंग ग्राउंड में आग से लाखों की मशीन को हुआ नुकसान..
धमतरी : महिमा सागर वार्ड स्थित नगर पालिक निगम के ट्रेचिंग ग्राउंड में आग लगने से लाखों की मशीन को भारी नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक ट्रेचिंग ग्राउंड में ज्यादातर कचरा को डंप किया जाता है और वहीं खाद बनने की प्रक्रिया अपनाई जाती है। पूर्व में जब शहर के विभिन्न इलाकों में मणिकंचन केंद्र नहीं था तो पूरे शहर का कचरा, पॉलिथीन को ट्रेचिंग ग्राउंड में ही डंप किया जाता था। यहां खाद बनाने की मशीन भी लगाई गई थी।
जिसे खाद बनाने के लिए उपयोग किया जाना था,लेकिन लगभग 15 दिनों पहले ट्रेचिंग ग्राउंड में अचानक आग लग गई। जिससे इस मशीन को काफी नुकसान हुआ है। इस संबंध में नगर पालिक निगम के मिशन क्लीन सिटी प्रभारी शशांक मिश्रा ने बताया कि आग लगने से मशीन को नुकसान हुआ है। 3 वर्ष पहले इस मशीन को खरीदा गया था। खाद बनाने के लिए मशीन का उपयोग किया जाना था लेकिन अब तक इसे शुरू नहीं किया जा सका। इस मामले में नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य प्रभारी योगेश निषाद ने कोतवाली थाना में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है।




