CG NEWS : शराब दुकान में चोरों का धावा, 2 लाख नकदी पार...
रायपुर : राजधानी में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। इस बार चोरों ने शराब दुकान को ही निशाना बना दिया। रायपुर के अमानाका थाना क्षेत्र के हीरापुर में प्रीमियम शराब में बुधवार की रात्रि चोरों ने धावा बोल दिया और बिक्री के पैसों पर हाथ साफ़ कर दिया।
बुधवार की रात्रि 9 बजे बिक्री के 2 लाख 15 हजार रुपये काउंटर के दराज में बंद कर सुपरवाइजर और कर्मचारी दूकान बंद कर चले गए। देर रात चोरों ने दुकान का ताला काटकर अंदर जाकर काउंटर का ताला तोड़कर उसमें रखा पूरा पैसा निकाल लिया। चोरी का पता न चले इसके लिए सीसीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी निकाल लिया। जाते समय चोरों ने दुकान से पीने के लिए एक बोतल शराब भी ले गए।
सुूबह दुकान सुपरवाइजर को दुकान का ताला टूटा होने और शटर आधा खुला होने की जानकारी आसपास के लोगों ने मोबाइल से दी। सुपरवाइजर ने दुकान में जाकर देखा तो काउंटर के दराज में रखा पूरा पैसा गायब था। शराब की बोतलों का स्टाक मिलाने पर एक बोतल कम मिली। शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और दुकान के पास जांच में ताला काटने के लिए लोहे की आरी ब्लेड मिली। इसके बाद पड़ोस में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।




