छगविस: सदन में गूंजा एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला, बृजमोहन ने सरकार पर लगाया आरोप
रायपुर। विधानसभा के बजट सत्र में आज पाटन थाना क्षेत्र के गांव बठेना में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला उठा। शून्यकाल में बृजमोहन अग्रवाल ने इस मामले का जिक्र करते हुए सरकार पर हत्या को आत्महत्या बताने का आरोप लगाया।
भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यमंत्री के विधानसभा में पहले खुड़मुडा में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या हुई और अब उनकी ही विधानसभा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हुई। हमारा आरोप है कि ये आत्महत्या नहीं है, ये हत्या है। इस सरकार को शर्म नहीं आती कि हत्या को आत्महत्या बताया जा रहा है। झूठी आत्महत्या का पत्र बनाया गया है।
बता दें कि शनिवार को पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम बठेना में गायकवाड़ परिवार के पांच सदस्यों की संदेहास्पद तरीके से मौत की खबर आई थी। इसमें जहां पिता-पुत्र ने एक ही रस्सी से फांसी लगाई थी, वहीं दो बेटियों और मां की तार से बंधी हुई जली लाश पैरावट में मिली थी। इस घटनाक्रम के बाद सोमवार को गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने पुलिस अधिकारियों के साथ गांव जाकर मृतक के परिजनों से मुलाकात कर जानकारी ली।




