रायपुर के ब्राम्हणपारा में चेन स्नेचिंग का खुलासा, एक गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
रायपुर: राजधानी रायपुर के ब्राम्हणपारा में हुई चेन स्नेचिंग का खुलासा पुलिस ने आज कर दिया। महिला के गले से डेढ़ तोला सोने की चेन खींचने वाले दो आरोपियों में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दूसरा अभी भी फरार है। दोनों आरोपी मुलत: जिला प्रयागराज उत्तरप्रदेश के रहने वाले है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से लूटी गई सोने की चेन व घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल जब्त किया है।
अपने साथी के साथ मोटरसायकल में सवार होकर फरार हो गया था। आरोपी का साथी अभी भी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आज चेन स्नेचिंग मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जानकारी के मुताबिक 9 जून को सोहागा मंदिर के पीछे ब्राह्मणपारा निवासी प्रार्थिया श्रीमती लक्ष्मी सोनी सुबह करीब 11.45 बजे सब्जी खरीदने घर से निकली थी। इसी दौरान 2 बाइक सवार बदमाश गली के पीछे से वहां पहुंचे। बाइक सवार एक युवक महिला के गले से चेन खींचकर अपने साथी के साथ मोटरसायकल से फरार हो गया। हालांकि आरोपी द्वारा चेन खींचते समय वह टूट गई, जिससे चेन का तीन हिस्सा आरोपी के हाथ में आया, चौथा हिस्सा महिला के हाथ में ही रह गया।
इस मामले में आजाद चौक पुलिस और साइबर सेल की टीम लगातार जांच कर रही थी। इस दौरान टीम ने कई इलाकों के सीसीटीवी कैमरों को बारीकी से खंगाला, जिसमें आरोपियों के बाइक नंबर सामने आया। पुलिस की टीम काफी लंबे समय से बाइक नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंचने के लिए सूत्रों को लगाकर बाइक की तलाश कर रही थी, जिसके बाद भाठागांव बीएसयूपी कालोनी में रहने वाले अनिल शुक्ला के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। साइबर पुलिस की टीम ने उसे पकड़कर पूछताछ की, तो उसने अपने एक अन्य साथी अजीत सिंह निवासी वर्तमान पता देवपुरी के साथ मिलकर घटना करना स्वीकार किया। इस मामले में दूसरा आरोपी अजीत सिंह फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगी हुई है। पुलिस ने आरोपी अनिल शुक्ला से चोरी की टूटी हुई चेन एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल जब्त कर ली है। बताया गया कि आरोपी अनिल शुक्ला मूलत: ग्राम मझियार थाना लालापुर जिला प्रयागराज उत्तरप्रदेश का रहने वाला हैं, जो पिछले 2 साल से भांटागांव बीएसयूपी कॉलोनी में रह रहा था, वहीं आरोपी के पिता दयाशंकर शुक्ला कमल विहार के शिव मंदिर के पुजारी हैं।




