चेम्बर ने की व्यापारियों से वैक्सीन लगाने की अपील
रायगढ़। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कार्मस एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील रामदास ने बताया कि रायगढ़ निगम आयुक्त से मिलकर व्यापारी बंधुओं के बीच वैक्सीनेशन को लेकर जागरूकता लाने चेम्बर के सदस्यों ने चर्चा की।
चेम्बर के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील रामदास, चेम्बर के प्रदेश मंत्री शक्ति अग्रवाल, हिरा मोटवानी व प्रदीप श्रृंगी आदि ने रायगढ़ निगम आयुक्त से मिलकर नगर के सभी व्यापारी बंधुओं और उनके प्रतिष्ठान में कार्यरत कर्मचारियों को वैक्सीनेट कराने की एक मुहिम चलाने के विषय पर चर्चा की। उन्होंने नगर सहित जिले के सभी व्यापारी बंधुओं से अपील करते हुए कहा कि रायगढ़ चेम्बर के सभी सदस्यों तथा पदाधिकारियों का नगर सहित जिले के सभी व्यापारी बंधुओं से आग्रह है कि वे स्वयं भी वैक्सीन लगवाएं और उनके प्रतिष्ठान में कार्यरत सभी कर्मचारियों को भी वैक्सीनेट कराएं।
सरकार, शासन और वैज्ञानिक सभी का कहना है कि तीसरी लहर हमारे बीच आने वाली है। तीसरी लहर हमारे साथ किस प्रकार का व्यवहार करेगी, यह हमें दूसरी लहर से अंदाजा लगा लेना चाहिए। इससे बचने का वैक्सीनेशन ही एक मात्र उपाय है। इसलिए आप स्वयं को वैक्सीनेट तो कराएं ही, साथ ही अपने परिजन को एवं स्टाफ को भी वैक्सीनेट कराएं और अपने प्रतिष्ठान के सामने वैक्सीनेट शॉप का बोर्ड लगाएं। इस प्रक्रिया में यदि किसी भी व्यापारी को परेशानी होती है, तो आपको सहयोग करने के लिए रायगढ़ चेम्बर आपके साथ है।




