चेम्बर चुनाव : नामांकन दाखिल के अंतिम दिन इतने नाम निर्देशन पत्र जमा
रायपुर । चेम्बर ऑफ़ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज चुनाव वर्ष 2021 के चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन दाखिल के अंतिम दिन 22 फरवरी को प्रत्याशियों ने अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं मंत्री पद के लिए कुल 74 नाम निर्देशन पत्र जमा किए। उक्त आशय की जानकारी देते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी शिवराज भंसाली एवं निर्वाचन अधिकारी प्रकाशचन्द गोलछा ने बताया कि आज दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे के मध्य रायपुर एवं अन्य बाहर जिलों सहित 74 नाम निर्देशन पत्र जमा हुए। प्राप्त नाम निर्देशन पत्र की सूक्ष्म जांच 24 फरवरी को दोपहर 2 बजे तक करने के पश्चात् प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। साथ ही नाम निर्देशन पत्र आपत्ति के लिए आवेदन 25 फरवरी को दोेपहर 12 से 3 बजे तक नियत किया गया है। प्राप्त अपत्तियों का निराकरण शाम 4 से 6 बजे तक, 27 फरवरी शनिवार को प्रातः 11 से 2 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की वापसी एवं नामांकन पत्र (नाम निर्देशन पत्र) वापसी के पश्चात् प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन शाम 5 बजे तक होगा। 1 मार्च को शाम 4 बजे तक पेनल द्वारा अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जमा करना होगा। 2 मार्च को प्रत्याशियों की घोषणा व चुनाव चिन्ह का आबंटन व प्रकाशन दोपहर 2 बजे किया जायेगा।




