छत्तीसगढ़ में आगामी चौबीस घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी चौबीस घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। वहीं बिलासपुर संभाग और इसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो राज्य में आने वाले चौबीस घंटों के दौरान एक बार फिर से बारिश की संभावना बढ़ गई है। वर्तमान में मानसूनी द्रोणिका पश्चिम राजस्थान, पिलानी, बदायूं तथा पूर्वी छोर पर हिमालय की तराई में स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा गांगेटिक पश्चिम बंगाल और इसके आसपास के इलाकों में 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आने वाले चौबीस घंटों के दौरान राज्य के अनके स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने तथा गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है। राज्य के अधिकतम तापमान में अगले दो दिन तक गिरावट होने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से बिलासपुर संभाग के जिलों व इससे सटे इलाकों में रह सकता है।
इधर मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के जशपुर तथा रायगढ़ जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकशीय बिजली गिरने तथा मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। वहीं आगामी 2 दिनों के लिए प्रदेश के जशपुर, सूरजपुर, मुंगेली, बलौदाबाजार और महासमुंद जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। इन सभी जिलों के लिए जहां यलो अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं प्रदेश के जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़ और बिलासपुर जिलों में एक-दो स्थानो पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।




