छत्तीसगढ़ : विधानसभा बजट सत्र 7 से, 9 को बजट पेश करेंगे सीएम बघेल
रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 7 मार्च से शुरू होगा। 8 मार्च को अभिभाषण पर चर्चा होगी। इसके बाद 9 मार्च को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वर्ष 2022-23 के लिए बजट पेश करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत ने शनिवार को बजट सत्र की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 मार्च को बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल अनुसुइया उइके के अभिभाषण से होगी। 8 मार्च को अभिभाषण पर परिचर्चा और कृतज्ञता ज्ञापन के बाद बतौर वित्त मंत्री सीएम भूपेश बघेल 9 मार्च को दोपहर 12.30 बजे बजट पेश करेंगे। फिर 10 मार्च से बजट पर चर्चा शुरू होगी।
विस अध्यक्ष डॉ. महंत ने बताया कि बजट सत्र में प्रश्न उत्तर ऑनलाइन ही मंगाए गए थे। जिसके बाद, प्रश्न, उत्तर और मुद्रण भी ऑनलाइन किया गया। इसमें कुल 1682 प्रश्न आए जिसमें 1499 प्रश्न 90 प्रतिशत ऑनलाइन आएं। इनमें 114 ध्यानाकर्षण की सूचना, 10 स्थगन की सूचना है। वहीं सदन में 1 विधेयक सदन रखे जाने की सूचना है। इस पहल से इससे प्रतिवर्ष 4 लाख 50 पृष्ठ 2.2 टन कागज़ की बचत हो रही है। पेड़ों के कटने, पानी और बिजली की भी बचत हुई है। इस स्तर में 13 बैठकें होंगी। वहीं राज्यपाल के अभिभाषण से सत्र की शुरुआत होगी। 9 मार्च को मुख्यमंत्री बघेल 2022-23 का बजट प्रस्तुत करेंगे।
उल्लेखनीय है कि बजट सत्र के काफी हंगामेदार होने की संभावना है। राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा भी पिछले सप्ताह भर से बजट सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति बनाने में जुटी है।




