छत्तीसगढ़ : लड़ते बैल बाइक सवार से टकराए, घायल
महासमुंद : दो बैल लड़ाई करते हुए बाइक सवार से टकरा गए। इससे बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया जिससे उनकी पसली टूट गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटना स्थल पहुंची और घायल अधेड़ बाइक सवार का इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चुरकी निवासी अखिलेश पिता केजू राम साहू (50) शनिवार रात आठ बजे अपने घर जा रहा था। इधर, सड़क के बीचो-बीच दो बैल आपस में लड़ाई कर रहे थे। जैसे ही अखिलेश की गाड़ी वहां से गुजरने वाली थी, दोनों बैल लड़ाई करते हुए उनकी बाइक से टकरा गए। इधर, बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया।




