छत्तीसगढ़ सरकार सबके लिए स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने प्रतिबद्ध- टी.एस. सिंहदेव
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय कोरबा में नि:शुल्क डायलिसिस सेन्टर का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में सबके लिए स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी तारतम्य मे जिले वासियों को नि:शुल्क डायलिसिस सेंटर का सौगात मिला है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही खुशी का विषय हैं कि हम जनता के लिये दिन प्रतिदिन स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कोशिश कर रहे हैं। डायलिसिस सेवा के शुरु हो जाने से कोरबा की जनता को अब परेशान नही होना पडेगा। हम निरंतर इस दिशा में कार्य कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे ताकि स्वास्थ्य सुविधाओं को और भी सुदृढ़ बनाया जा सके।
जिला अस्पताल में डायलिसिस सेंटर शुरू होने से डायलिसिस की आवश्यकता वाले बीमार मरीजों को मुफ्त में डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। जिले के बीमार मरीजों को डायलिसिस कराने दूर शहर जाने और ईलाज के महंगे खर्चों से भी राहत मिलेगी। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुए इस वर्चुअल लोकार्पण के अवसर पर महापौर नगर पालिक निगम कोरबा राज किशोर प्रसाद, सभापति नगर पालिक निगम श्याम सुंदर सोनी, डिप्टी कलेक्टर कोरबा आशीष देंवागन, सीएमएचओ डॉ बी.बी.बोडे, सिविल सर्जन डॉ अरुण तिवारी, डीपीएम पदमाकर शिंदे, एडमिनिस्ट्रेटर डायलिसिस सेंटर जुयेल साहा सहित जिला चिकित्सालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला चिकित्सालय में डायलिसिस के लिए पांच मशीन लगाई गई हैं और पाँचो मशीन की सेवा मरीजों को मिलेगी। चार मशीन सामान्य मरीजों के लिये हैं और एक मशीन हेपेटाइटिस -सी के मरीजों के लिये है। सामान्यत: एक डायलिसिस प्रकिया में चार घंटे का समय लगता है और इसके लिये 130 से 140 लीटर आर.ओ. पानी की आवश्यकता पडती है। इसके लिये जिला अस्पताल में 750 लीटर की क्षमता वाले आर.ओ.प्लाट भी स्थापित किया गया है जिससे डायलिसिस प्रकिया में पानी की आवश्यकता को पुरा किया जा सके।
इस अवसर पर राज किशोर प्रसाद ने कहा कि डायलिसिस सेवा का कोरबा जिले में शुरु हो जाना बहुत बडी उपलब्धि है इससे कोरबा की जनता को अब इस सेवा के लिये भटकना नही पडेगा। डॉ बी .बी. बोडे मुख्य चिकित्सा एंव स्वास्थ्य अधिकारी जिला कोरबा ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधा को निरंतर बेहतर बनाये रखने की दिशा में सदा कोशिश करते रहे है उसी के परिणाम स्वरुप आज जनता को शासन के माध्यम से डायलिसिस सेंटर की सुविधा भी मिल गई है।




