छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम विभाग ने प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा या बौछारें पड़ सकती है तथा एक-दो स्थानों पर अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
स्थानीय मौसम विभाग कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण पूर्व मध्यप्रदेश और उसके आसपास 0.9 किलोमीटर से 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका पंजाब से सिक्किम तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। उत्तर-दक्षिण द्रोणिका दक्षिण पूर्व मध्यप्रदेश से तटीय केरल तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना जतायी है। साथ ही चेतावनी भी जारी की है कि एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि संभावित है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: उत्तर छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।




