छत्तीसगढ़: हाइवा वाहन चालक की चाकू मारकर हत्या, वारदात से इलाके में फैली सनसनी
भिलाई। हाइवा वाहन के चालक की अल-सुबह चाकू मारकर हत्या कर दी गई। भिलाई-3 के सिरसा गेट से आगे पुरैना चौक के पास हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जामुल थाना क्षेत्र के घासीदास नगर निवासी अजय पांडेय पिता गंगा प्रसाद पांडेय (40 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी ने ड्रायविंग सीट पर बैठे हालात में हमला किया है।
भिलाई-3 के सिरसा गेट के आगे पुरैना चौक के पास सिरसा कला जाने वाले सड़क पर खड़ी हाइवा वाहन नंबर ष्टत्र 07 ष्ट्र 9799 के चालक घासीदास नगर निवासी अजय पांडेय की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने अजय पांडेय के छाती पर प्रहार किया। घटना सुबह 5 बजे के आसपास की बताई जा रही है। मार्निंगवाक करने वालों को बीच सड़क पर हाइवा खड़े होने से अनहोनी की आशंका नजर आई। सड़क से गुजरने वालों को दिक्कत होने पर हाइवा के केबिन में चढ़कर किसी ने देखा तो चालक अजय पांडेय लहूलुहान हालात में दिखा। इसकी सूचना डायल 108 में देकर एम्बुलेंस बुलाया गया। एम्बुलेंस से सुपेला के शास्त्री हास्पिटल ले जाने पर वहां के चिकित्सकों ने मौत हो जाने की पुष्टि कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी शहर संजय कुमार ध्रुव, सीएसपी छावनी विश्वास चंद्राकर व टीआई भिलाई-3 विनय सिंह बघेल सायबर टी आई गौरव तिवारी ,और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। इसके अलावा डॉग स्क्वाड और एफएसएल के साथ सिविल टीम के अधिकारी व जवानों ने भी मौका ए वारदात का बारीकी से मुआयना किया। फिलहाल वारदात के आरोपी का कोई पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि हाइवा वाहन में रेत भरा हुआ है। इस रेत को राजिम की तरफ से तरीघाट होते हुए पाटन क्षेत्र होकर लाया जा रहा था। हाइवा सिरसा गेट रेलवे क्रासिंग को पार कर भिलाई-3 पहुंचती, लेकिन उससे पहले ही चालक की हत्या हो गई।




