छत्तीसगढ़: ब्लैक फंगस से जिले में एक और मौत, ब्लैक फंगस के अब तक कुल 10 मामले सामने आए
महासमुंद। ब्लैक फंगस से एक और मरीज की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार गोंगल निवासी एक युवक 23 अप्रैल को कोविड पॉजीटिव आया था। युवक का इलाज कोविड अस्पताल में जारी था। इसी बीच उसे सिर में दर्द की शिकायत हुई। शिकायत के बाद युवक के परिजनों ने महासमुंद के एक निजी अस्पताल में उसका सीटी स्कैन कराया। इस दौरान कुछ पता चला नहीं, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल में ही उसे वेंटीलेटर पर रखा गया।
युवक को 15 मई को दोबारा निजी अस्पताल से सरकारी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। वहां से ब्लैक फंगस की पुष्टि होने पर दो दिन बाद रायपुर रेफर कर दिया गया था, जहां रविवार को उनकी मौत हो गई। जिले में अब तक ब्लैक फंगस के कुल 10 मामले सामने आ चुके हैं। जिले में एक अन्य मरीज में ब्लैक फंगस पाया गया है और उनका इलाज एम्स रायपुर में जारी है। जानकारी के अनुसार लाफिन खुर्द निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति 31 मार्च को कोविड पॉजिटिव आया था। उपचार के बाद वह पूरी तरह से स्वस्थ हो गया था, लेकिन हाल ही में उसे समस्या होने लगी। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने अपनी जांच कराई, जिसमें प्रारंभिक तौर पर ब्लैक फंगस की समस्या नजर आई। इसके बाद परिजनों ने उक्त व्यक्ति को एम्स रायपुर लेकर गए, जहां उसकी बायप्सी की गई। 20 मई को जब उसकी रिपोर्ट आई तो पता चला कि उसमें ब्लैक फंगस है।




