छत्तीसगढ़: यात्रियों से हो रही जमकर लूट, बस आपरेटरों की मनमर्जी के कारण यात्री हो रहे परेशान
रायपुर। कोरोनाकाल में सोशल डिस्टेसिंग के चलते इन दिनों रायपुर से विभिन्न मार्गों पर चलने वाली बसें कम संख्या में चल रही है। जिसका लाभ बस आपरेटर जमकर उठा रहे हैं। राजधानी से विभिन्न दिशाओं की ओर प्रदेश में चल रही बसों में यात्री कम होने के कारण बसों के परिचालक दुगुनी चौगुनी दर पर किराया देकर यात्रा करने पर मजबूर हैं। ज्ञातव्य है कि राज्य शासन द्वारा कुछ समय पूर्व बस आपरेटरों द्वारा कोरोनाकाल में रोड टैक्स माफ कर दिया गया है। बावजूद इसके 6 माह लॉकडाउन में नहीं चली बसों का खामियाजा यात्री भोग रहे हैं। यात्रियों से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर से बसना की ओर यात्रा के दौरान शर्मा ट्रेव्हल्स की गाड़ी क्रमांक सीजी 04 ई, 4407 के परिचालक ने बसना का किराया 200 रूपए वसूला, जबकि सामान्य दिनों में रायपुर से बसना का किराया केवल 140 रूपए लगता था। यात्रियों ने परिवहन मंत्री से प्रदेश में बस आपरेटरों द्वारा खुले आम की जा रही लूट पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। इसी तरह रायपुर से नागपुर, अम्बिकापुर, रांची, जशपुर, जगदलपुर, बचेली आदि दिशाओं में आने जाने वाले यात्रियों को स्लीपर कोच के नाम पर जमकर वसूली का शिकार होना पड़ रहा है।




