रहस्य, रोमांस और कामेडी से भरपूर है हिन्दी फिल्म 'साक्षी', छत्तीसगढ़ की बेटी मधुमिता आएगी लीड रोल में नजर
रायपुर। छत्तीसगढ़ के छोटे से शहर राजिम से निकली बहुमुखी प्रतिभा की धनी मधुमिता विश्वास अपने अभिनय के दम पर मुंबई फिल्म उद्योग में हिन्दी फीचर फिल्म साक्षी में लीड रोल निभा रही हैं। नागपुर से अभिनय का प्रशिक्षण लेने के उपरांत मास्टर ऑफ बॉयोटेक्नालाजी में पीजी मैट्स यूनिवर्सिटी से करने वाली मधुमिता ने संघर्ष कर अपना मुकाम हासिल किया है। उक्त जानकारी प्रेसक्लब रायपुर में आयोजित पत्रकारवार्ता में साक्षी फिल्म की अभिनेत्री मधुमिता ने दी। मधुमिता ने पत्रकारवार्ता में बताया कि साक्षी का प्रदर्शन 12 फरवरी को देश भर के सिनेमाघरों में एक साथ होगा। फिल्म रहस्य, रोमांस और भरपूर कॉमेडी से भरा है। फिल्म में उनके सह अभिनेता विक्रम मस्तल ने अच्छी भूमिका का निर्वहन किया है। फिल्म की शूटिंग नोएडा, मुंबई एवं दिल्ली में हुई है। उन्होंने बताया कि उनके पिता की पसंद की सिंगर सुनिधि चौहान ने उनके अभिनीत दृश्य पर गीत गाया है। फिल्म का रिस्की, रिस्की गीत सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। फिल्म का संगीत आसिफ इकबाल ने दिया है और गीत के बोल जमील अहमद ने लिखे हैं। पत्रकारवार्ता में छत्तीसगढ़ी फिल्म के डायरेक्टर मोहन सुंदरानी, फिल्म के कलाकार एवं अन्य कलाकर्मी बड़ी संख्या उपस्थित थे।




