मुख्यमंत्री बघेल ने अपने जन्मदिन पर पुलिसकर्मियों को दिया तोहफा, 45 पुलिसकर्मियों को मिला आउट ऑफ टर्न प्रमोशन
रायपुर, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने जन्मदिन पर 45 पुलिसकर्मियों को अनूठा तोहफा दिया। उन्होंने आदेश देते हुए इन सभी को आउट ऑफ टर्न यानी क्रम से पूर्व पदोन्नति दी है जिसके आदेश गृह विभाग ने जारी कर दिए हैं।
ज्ञातव्य है कि पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने इसके लिए विशेष पहल की थी जिसे सीएम ने सहर्ष स्वीकृति दी थी। इस सूची में उन पुलिस आरक्षकों को प्राथमिकता दी गई है जिन्होंने अपने अदम्य साहस और वीरता से पुलिस विभाग की सेवा की है। इसलिए इन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिला है।
जिन पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिला है, उसमें कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, ASI और SI स्तर के अधिकारी शामिल हैं। आउट ऑफ टर्न प्रमोशन पाने वालों में ज्यादातर पुलिसकर्मी बस्तर के सुकमा, नारायणपुर, बीजापुर जैसे सुदूर इलाकों में पदस्थ थे। आउट आफ टर्न प्रमोशन जिन पुलिसकर्मियों को मिला है, उनमें 8 SI को निरीक्षक, दो ASI को सब इंस्पेक्टर, 5 हेड कांस्टेबल को ASI बनाया गया है। वहीं 30 कांस्टेबल को हेड कांस्टेबल बनाया गया है।




