मुख्यमंत्री श्री बघेल ने नक्सलियों द्वारा जवानों की बस को ब्लास्ट से उड़ाने की घटना की कड़ी निंदा की : जवानों की शहादत पर गहरा दुख प्रकट किया
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने नारायणपुर में नक्सलियों द्वारा जवानों से भरी बस को ब्लास्ट से उड़ाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस दुखद घटना में एक वाहन चालक सहित डीआरजी के 4 जवानों की शहादत पर मुख्यमंत्री ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने शहीद जवानों और वाहन चालक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि सुरक्षा बलों की लगातार की जा रही कार्रवाई से नक्सलियों के पैर उखड़ने लगे हैं। यह घटना नक्सलियों की हताशा का परिणाम है। नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान और तेज होगा। मुख्यमंत्री ने इस घटना में घायल जवानों को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं, साथ ही उन्होंने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक श्री डी.एम. अवस्थी को घटना की पूरी जानकारी लेकर सभी आवश्यक कदम शीघ्र उठाने के निर्देश दिए हैं।
नारायणपुर में नक्सलियों द्वारा जवानों से भरी बस को ब्लास्ट से उड़ाने की घटना की मैं कड़ी निंदा करता हूँ।
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) March 23, 2021
इस दुखद घटना में एक वाहन चालक सहित डीआरजी के 4 जवानों की शहादत बेहद दुखद है।
मैं शहीद जवानों और वाहन चालक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूँ।
ज्ञातव्य है कि डीआरजी बल के जवान नारायणपुर में नक्सल विरोधी अभियान के बाद जिला मुख्यालय नारायणपुर लौट रहे थे। इस दौरान कन्हारगांव - कड़ेनार रोड में एक आईईडी विस्फोट में एक वाहन चालक और चार जवान शहीद हो गए। इस घटना में दो जवानों के गंभीर रूप से घायल तथा 12 अन्य जवानों को मामूली चोट आयी है। घटना स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है तथा घायल जवानों को उपचार के लिए भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से रायपुर लाया जा रहा है।




