स्वामी आत्मानंद मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना अंतर्गत मेधावी छात्रों को मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित
रायपुर । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा `स्वामी आत्मानंद मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना” के अन्तर्गत प्रत्येक वर्ष के प्रावीण्य सूची के छात्रों को 1.50 लाख रूपये (इसमें लेपटॉप की राशि भी शामिल है।) की सम्मान राशि तथा प्रमाण पत्र दिया जाता है। इसके अतिरिक्त प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त छात्रों को पदक वितरण किया जाता है।
शैक्षणिक सत्र 2018-19 एवं 2019-20 के मेधावी छात्रों का सम्मान समारोह वर्चुअल रूप से माननीय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा 23 मई को दोपहर 12 बजे विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया जायेगा।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव प्रोफेसर व्ही के गोयल ने इस संबंध में सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी किया है। उन्होंने जारी पत्र में बताया है कि उक्त दोनों वर्षों के हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी के आपके जिले के छात्र आपके कार्यालय में उपस्थित होकर विडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री से रूबरू होंगे। उन्होंने जिला कलेक्टरों से ऐसे विद्यार्थियों को कलेक्ट्रेट के विडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में बुलाने और मुख्यमंत्री के साथ वार्तालाप में शामिल कराने का आग्रह किया है । मेधावी छात्रों का सम्मान राशि सीधे उनके बैंक खाते में ऑनलाइन स्थानांतरित कर दी जाएगी।




