शहर में अचानक बरसे बदरा: राज्य में चार दिनों के लिए यलो अलर्ट
रायपुर। राजधानी में आज सुबह हुई बारिश से एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदल गया है। हालांकि दोपहर बाद बारिश थम गई थी और धूप निकल आई थी। इधर मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक इसी तरह अचानक बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पडऩे की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो इस समय मानसूनी द्रोणिका अमृतसर, करनाल, मेरठ, बरेली, वाराणसी, डॉल्टनगंज, बांकुरा, दीघा होते हुए उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। वहीं पूर्वी उत्तरप्रदेश से लेकर विदर्भ तके ऊपर से एक द्रोणिका भी गुजर रही है। इसके अलावा एक चक्रीय चक्रवाती सिस्टम पश्चिम बंगाल के गांगेटिक इलाके और इसके आसपास के इलाकों में 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर बन गया है। इधर खाड़ी में उठ रही हलचल को देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दो-तीन दिनों के भीतर पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से लेकर आंध्रप्रदेश के तटीय इलाके के ऊपर एक कम दबाव क्षेत्र बनने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग ने 14 सितंबर तक के लिए राज्य के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा अथवा तेज मेघ गर्जन के साथ छींटे पडऩे अथवा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इधर आज सुबह राजधानी में अचानक बदले मौसम के मिजाज के बीच करीब एक घंटे तक हुई जोरदार बारिश से शहर तरबतर हो गया। हालांकि बाद में बारिश की रफ्तार कम हो गई और केवल हल्की बूंदाबांदी होती रही। मौसम विभाग ने अभी तीन-चार दिनों के भीतर इसी तरह अचानक बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पडऩे की संभावना जताई है।




