सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा से पूछे सवाल... बताएं आरोपितों से क्या है संबंध
रायपुर। उदयपुर घटना को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रतिक्रिया दी है। सीएम भूपेश ने कहा, उदयपुर में जिस तरह से बर्बर हत्या की गई उसे कोई भी सभ्य समाज कभी भी स्वीकार नहीं करेगा। उसकी जितनी भी निंदा की जाए वो कम है। मैंने भी मांग की है कि आरोपी को जल्द सजा मिलनी चाहिए। लेकिन जो दूसरा एंगल आ रहा है वो भाजपा को बताना चाहिए कि जो अपराधी है उनका उनसे (भाजपा से) क्या संबंध है? सोशल मीडिया पर लगातार आ रहा है कि उनका (आरोपियों का) भाजपा से संबंध है, तो भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि उनका उनसे संबंध है या नहीं।
इससे पहले पूर्व भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा की टिप्पणी का समर्थन करने पर उदयपुर (राजस्थान) में दर्जी कन्हैया लाल की निर्मम हत्या के विरोध में शनिवार को छत्तीसगढ़ स्वस्फूर्त बंद रहा। चाय और पान की गुमटियां तक बंद रहीं। बंद के दौरान कहीं भी टकराव या विवाद की स्थिति उत्पन्न् नहीं हुई।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने प्रदेश में बंद का आह्वान किया था। इसे भाजपा समेत कुछ अन्य राजनीतिक, धार्मिक व सामाजिक संगठनों, छत्तीसगढ़ चैंबर आफ कामर्स और स्थानीय व्यापारी संगठनों ने अपना समर्थन दिया। शिक्षण संस्थानों से लेकर बाजार, माल, मल्टी प्लेक्स, टाकीज और पेट्रोल पंप भी दोपहर तक बंद रहे। सभी तरह की आवश्यक सेवाओं को बंद से अलग रखा गया था।
अभिनेत्री निहारिका तिवारी को भी धमकी
इधर, मशहूर रियलिटी टीवी शो रोडीज की एक्स कंटेस्टेंट निहारिका तिवारी को कन्हैया लाल की तरह गला काटने की धमकियां मिल रही हैं। इंस्टाग्राम यूजर्स ने इंस्टाग्राम पर मैसेज कर कहा है कि तू उल्टी गिनती शुरू कर, अब तेरी बारी है। दरअसल, निहारिका ने एक वीडियो पोस्ट कर उदयपुर की घटना की निंदा की थी। निहारिका इन दिनों शूटिंग के सिलसिले में इंडोनेशिया में हैं। निहारिका छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा की रहने वाली हैं।




