कोयले की रेक से निकला जिंदा बंदा, एनटीपीसी ने किया पुलिस के सुपुर्द
रायगढ़। जिले के पुसौर लारा में स्थापित सुपरथर्मल पावर प्लांट एनटीपीसी में झारखंड से आई हुई कोयले की गाड़ी को लेकर अचरज वाली स्थिति निर्मित हो गई थी, जब इस कोयले से लोड मालगाड़ी में एक जिंदा आदमी निकला। बताया जा रहा है कि झारखंड के बरवाडीह से कोयले की आपूर्ति एनटीपीसी लारा में की जाती है।
हमेशा की तरह कोयले की मालगाड़ी एनटीपीसी पहुंची लेकिन इस मर्तबे मालगाड़ी के एक डिब्बे में कोयले पर बैठा बोरे को लपेटे जिंदा आदमी को देखा गया। अचानक जब यहां लोगों की नजर उसपर पड़ी तो एकबारगी अचरज वाली स्थिति निर्मित हो गई थी। इस अनजान व्यक्ति के मिलने के बाद मामले की सूचना पुसौर पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि इस आदमी ने खुद को पटना का रहने वाला बताया। यह कोयले की गाड़ी में कैसे पहुंचा इसे लेकर वह साफ–साफ नहीं बता सका। एनटीपीसी प्रबंधन ने इसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।




