मानसून आने से पहले छत्तीसगढ़ में बदलेंगे 18 जिलों के कलेक्टर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून आने से पहले तबादला एक्सप्रेस के चलने के संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों की बात पर यकीन किया जाये तो प्रदेश के 18 जिलों में कलेक्टरों के बदले जाने की तैयारी चल रही है। इनमें रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव जैसे जिले शामिल हैं। कोरोना संक्रमण में आयी कमी के बाद अब राज्य की सरकार विकास कार्यों को तेजी से शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए संबंधित जिलों की परिस्थितियों को देखते हुए उनके अनुरुप अफसरों को तैनात करने की योजना है ताकि प्रदेश में विकास कार्यों को अच्छी गति दी जा सके। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में यह पहली बार होगा जब इतनी बड़ी संख्या में कलेक्टरों के एक साथ तबादले किये जाने की तैयारी चल रही है। अब सब कुछ ठीक रहा तो एक या दो दिन के भीतर तबादले की सूची जारी कर दी जाएगी।




