पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ 4 जुलाई तक चलेगा कांग्रेस का आंदोलन
रायपुर। देशभर में पेट्रोल-डीजल के बढ़ते मूल्य के विरोध में कांग्रेस का राज्य स्तरीय धरना-प्रदर्शन जारी है। पीसीसी के निर्देश के बाद 30 जून से 04 जुलाई तक प्रदेशभर में यह आंदोलन जारी रहेगा।
पीसीसी सूत्रों की माने तो पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के बीच कांग्रेस ने केन्द्र सरकार पर हमला तेज कर दिया है। इसी क्रम में कांग्रेस की सभी इकाईयों द्वारा पेट्रोलियम मूल्यवृद्धि के खिलाफ चरणबद्ध ढंग से आंदोलन किया जा रहा है। पीसीसी के निर्देश के बाद प्रदेश के सभी संगठन जिला के अंतर्गत लगभग 307 नगर, ब्लॉक मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन, आंदोलन करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, सांसद, पूर्व सांसद, सांसद प्रत्याशी, विधायक, पूर्व विधायक, विधायक प्रत्याशी, नगरीय निकाय, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ता भी लगातार आंदोलन व धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। यह विरोध-प्रदर्शन 04 जुलाई तक चलेगा। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी केन्द्र सरकार के खिलाफ व देश में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस द्वारा विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है। धरना-प्रदर्शन के माध्यम से केन्द्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। पेट्रोल-डीजल के मूल्यों में हो रही बेतहाशा मूल्यवृद्धि के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभियान चलाकर केन्द्र सरकार के समक्ष विरोध दर्ज कराया जाएगा, जिसमें प्रमुख रूप से प्रभावित ओला उबर चालक, ड्राइवर, ट्रक और टैक्सी चालक सहित आमजनों से राय ली जाएगी और इसका वीडियो बनाकर प्रसारित किया जाएगा।




