गोबरा-नवापारा के साथ आरंग के कुछ इलाके कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित
रायपुर | रायपुर शहर के साथ ही अब आसपास के इलाकों में भी तेजी से कोरोना संक्रमण अपना पैर पसार रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए तथा जहां-जहां से कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं, उन इलाकों को सील कर कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
सूत्रों ने बताया कि रविवार को रायपुर शहर के साथ ही जिले में भी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए थे। इसके बाद इन मरीजों की पहचान करने के बाद उनके घरों के आसपास के इलाकों को सील करने की कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में अब 4 और इलाकों को सील किया गया है। इनमें नगर पालिक परिषद गोबरा नवापारा, ग्राम पंचायत चंपारण, ग्राम पंचायत कोडापार, नगर पालिक परिसर आरंग के इलाके कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए हैं। संबंधित क्षेत्र में कंटेनमेंट जोन की सीमाएं निर्धारित की गई है। कंटेनमेंट जोन के अंतर्गत प्रवेश या निकास के लिए केवल 1 द्वार होगा। कंटेनमेंट जोन अंतर्गत सभी दुकानें, ऑफि स और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठान आगामी आदेश पर्यन्त पूर्णत: बंद रहेंगे। सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मेडिकल इमरजेंसी को छोड़कर अन्य किन्हीं भी कारण से कंटेनमेंट जोन या मकान के बाहर निकलना प्रतिबंधित रहेगा।




