छत्तीसगढ़ में कोरोना का प्रकोप: एक और पत्रकार का हुआ कोरोना से निधन
दुर्ग। कोरोना वायरस कोविड-19 का द्वितीय चरण भयावह स्थिति में पहुंच गया है। प्रदेश की राजधानी रायपुर के बाद दुर्ग में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा होने के बाद सम्पूर्ण जिले में हाहाकार मच गया है। लोगों में दहशत का माहौल है। कोरोना कव्हरेज के दौरान अब तक अनेक पत्रकार कोरोना संक्रमित होकर जंग हार चुके हैं। इसी कड़ी में युवा पत्रकार जितेन्द्र साहू का कोरोना संक्रमित होने के कारण निधन हो गया।
ज्ञातव्य है कि जब से कोरोना काल प्रारंभ हुआ अब तक अनेकों पत्रकार कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर मृत्यु को प्राप्त हुए हैं। 15 साल से पत्रकारिता कर युवा पत्रकार की मृत्यु की खबर सुनते समूचे दुर्ग शहर से शोक का माहौल है। सरकार द्वारा आए दिन पत्रकारों की सुरक्षा के लिए दावे किये जाते हैं जबकि केन्द्र सरकार द्वारा पत्रकारों को अग्रिम पंक्ति का कोरोना वारियस मानने से इंकार कर दिया गया है। हेल्थ वर्करों के साथ ही अस्पतालों में मरीजों की सेवा करने वालों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लोगों को जानकारी देने वाला पत्रकार असुरक्षा के माहौल में कोरोना संक्रमित होकर मृत्यु को प्राप्त हो रहा है। उक्त स्थिति दुखद है यह कहना है वरिष्ठ अधिवक्ता दुर्ग के राजीव पांडेय का।




