COVID-19: 75 हजार रैपिड किट पहुंची रायपुर, जल्द शुरू हो सकती है इससे टेस्टिंग
रायपुर. राज्य सरकार ने प्रदेश में कोरोना के सर्विलेंस को बढ़ाने के लिए 75,000 रैपिड डायग्नोस्टिक (आरडी) किट खरीद ली हैं। मानेसर, हरियाणा स्थित दक्षिण कोरिया की एसडी बायोसेंसर कंपनी ने शुक्रवार रात किट की आपूर्ति कर दी। किट छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) के वेयर हाउस में रखवाई गई हैं, जहां से ये जिलों में सप्लाई होंगी। शनिवार सुबह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने किट का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने सीजीएमएससी के अफसरों को कहा कि जल्द ही उन्हें जानकारी भेज दी जाएगी कि किस जिले में कितनी किट भेजी जानी है।
बता दें कि किट को मैंटेन रखने के लिए कोल्ड चैन मैंटेन रखना बेहद जरूरी है, वरना इसके अपेक्षित परिणाम नहीं मिलेंगे। केंद्र सरकार ने भी राज्य को 4,500 किट मुहैया करवाई हैं, जिनका भी इसी किट के साथ इस्तेमाल होगा। गुरुवार को इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने आरडी किट के इस्तेमाल की नई गाइडलाइन जारी कर दी है। यह एंटीबॉडी टेस्टिंग किट है, न की कोरोना वायरस की पुष्टि करती है। इसका इस्तेमाल सर्विलेंस के लिए किया जाना तय हुआ है।
200 आरटी-पीसीआर किट भी खरीदी
राज्य सरकार ने कोरोना की लैबोरेट्री जांच के लिए 200 आरटी-पीसीआर किट भी खरीदी हैं। इनमें से 100-100 पं. जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज और स्व. बलीराम कश्यप मेमोरियल मेडिकल कॉलेज को भेज ही हैं। इन किट को -20 डिग्री सेल्सियश पर रखा जाता है। एक किट से 196 लोगों के सैंपल जांचे जा सकते हैं।




