राजधानी में लॉकडाउन से पहले गोल बाजार में खरीददारी के लिए उमड़ी लोगों की भीड़
रायपुर। 22 से 28 जुलाई के मध्य रायपुर एवं बिरगांव पालिका क्षेत्र में एक हफ्ते का कड़ा लाकडाउन लगाया जा रहा है। उक्त अवधि में घर में आवश्यक सामानों की खरीददारी के लिए आज सुबह से ही खरीददारों की भीड़ बाजारों की ओर दौड़ पड़ी। सुबह से ही शहर के मुख्य बाजार मालवीय रोड, गोल बाजार, सदर बाजार, गुढिय़ारी, माल्स आदि में लोगों की आपाधापी के बीच खरीददारी का कार्य जारी रहा।
ज्ञातव्य है कि तीन अगस्त को भाई बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन रायपुर सहित देश प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाता है। इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब कोरोना वायरस महामारी कोविड-19 की स्थिति में संक्रमण से बचाने के लिए प्रदेश शासन को मरीजों की संख्या में नियंत्रण करने के लिए उक्त निर्णय लेना पड़ा है। बाजारों में उमड़ी भीड़ को देखकर सहज रूप से कहा जा सकता है कि लोग कोरोना वायरस महामारी के दौरान घरों में आवश्यक सामाग्री का एकत्रीकरण कर महफूज रहना चाहते हैं। वहीं व्यापारियों में कल से लग रहे लाकडाउन को लेकर मायूसी का माहौल है। स्वाभाविक रूप से देखा जाए तो तीज त्योहार ही ऐसे होते हैं जिसमें घर में छोटे से लेकर बड़े तक न केवल नये कपड़े पहनते हैं बल्कि नई राखी के साथ ही अनेक आकर्षक उपहार भी भाई बहन रक्षाबंधन के दिन एक दूसरे को आयु के अनुसार देते हैं।




