अधेड़ की हत्या के आरोप में बेटी व दामाद पुलिस की गिरफ्त में, जांच में जुटी पुलिस
महासमुंद। खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम पचेड़ा में अधेड़ की हत्या का मामला सामने आया है । पुलिस ने इस मामले में संदेही मृतक की बेटी व दामाद को हिरासत लिया है । कोतवाली पुलिस द्वारा मर्ग कायम के बाद हत्या का खुलासा हुआ है । सूचना पर खल्लारी पुलिस जांच में जुटी हुई है। ग्रामीणों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। समाचार लिखे जाने तक खल्लारी थाने में हत्या का मामला दर्ज नहीं किया गया था । इधर, बताया जा रहा है कि मृतक, बेटी व दामाद के बीच मंगलवार रात को विवाद हुआ था । शार्ट पीएम में जबड़े पर रॉड से हमला होने की पुष्टि हो रही है । बहरहाल पीएम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हो जाएगा । इधर, पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या मान रही है । एसडीओपी नारद सूर्यवंशी ने बताया कि खल्लारी थाना के ग्राम पचेड़ा निवासी लोकेश योगी पिता कैलाश योगी (50) की हत्या हो गई है । शार्ट पीएम में उसके जबड़े पर रॉड से हमला किया गया है । अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई है । उन्होंने बताया कि रात में एक्सीडेंट होने की सूचना पाकर डायल 112 की टीम गांव पहुंची । जहां उसके बेटी व दामाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ला रहे थे, लेकिन रास्ते में लोकेश योगी ने दम तोड़ दिया । जिला अस्ताल में इलाज के लिए भर्ती कराने लाए तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया और इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी । सुबह मर्ग कायम कर पीएम के लिए टीम पहुंची तब खुलासा हुआ कि इसकी मौत सड़क हादसे से नहीं किसी ठोस वस्तु से प्राणा घातक हमला करने से हुई है । इसके बाद पुलिस भी भौंचक हो गई । तत्काल खल्लारी पुलिस को इसकी सूचना दी और मर्ग कायम कर जांच के लिए प्रकरण को खल्लारी पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया ।
बेटी व दामाद पर हत्या का संदेह
मृतक लोकेश योगी की हत्या का संदेह उसके बेटी प्रीति योगी व उसके दामाद गौतमदास मानिकपुरी पर है । पूछताछ के दौरान पता चला है कि आए दिन तीनों का विवाद होता था । मृतक शराब पीने का आदि थाप । नशे में धुत्त होकर बेटी, दामाद व विकलांग बेटे से मारपीट व गाली गलौज करता था । एसडीओपी ने बताया कि मृतक का बस स्टैंड में महराज नाम से एक होटल है । उसे उसकी बेटी व मृतक दोनों चलाते थे । पूछताछ के दौरान पता चला है कि मृतक के नशा करने से बेटी व दामाद आए दिन परेशान रहते थे । मंगलवार को भी शराब के नशे में मृतक ने अपनी बेटी, दामाद व विकलांग लड़के से गाली गलौज कर मारपीट कर चला गया था । बाद में फिर रात को वह नशे में आया और गाली गलौज व मारपीट कर रहा था। संभवत: उसके दामाद व बेटी ने रॉड से उसके जबड़े पर प्रहार कर दिया, जिससे खून निकल रहा था और वह बेहोश हो गया । इसके बाद डायल 112 की टीम की सहायता से उसे इलाज के लिए जिला चिकिस्तालय ले गए, जहां सड़क हादसे से घायल होना बताया, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया ।
6 माह पहले ही उसकी बेटी ने किया था प्रेम विवाह
मृतक की बेटी ने 6 माह पूर्व गौतमदास मानिकपुरी से प्रेम विवाह किया था । विवाह के बाद भी उसकी बेटी होटल में काम करती थी । इसे लेकर गौतमदास खफा रहता था । विवाह के बाद अपनी पत्नी को होटल जाने से मना करता था, लेकिन उसका पिता मृतक उसके घर आकर उसे होटल ले जाता था और शाम को शराब के नशे में धुत्त होकर बेटी व दामाद से गाली गलौज व झंझट करता था ।




