बड़ी खबर रायपुर : पूर्व विवाद को लेकर महिला पर किया फावड़े से जानलेवा हमला, थाने में मामला दर्ज
रायपुर | रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्व विवाद को लेकर मारपीट व बुजुर्ग महिला के सिर पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट आरंग थाने में दर्ज कराई गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम मोखला वार्ड 7 आरंग निवासी खुमान साहू 31 वर्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि प्रार्थी 18 दिसंबर को देर शाम अपनी पत्नी के साथ बैल गाड़ी में पैरा लेकर आ रहा था ,तभी रास्ते में गांव का वीरु धीवर पिता राजकुमार धीवर प्रार्थी की पत्नी को देखकर कमेंट करने लगा,इसका विरोध करने पर दोनों के बीच झगड़ा शुरु हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर प्रार्थी की मां व वीरु के पिता आ गए। झगड़ा होता देख वीरु व उसके पिता राजकुमार प्रार्थी के साथ गाली-गलौच कर मारपीट करने लगे। बीच बचाव करने पर प्रार्थी की मां को वीरु ने फावड़ा से सिर पर मारकर प्राणघातक चोट पहुंचाया। घायल अवस्था में महिला को 112 वाहन के माध्यम से अस्पताल में भर्ती किया गया,जहां इलाज के बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।




