आबकारी विभाग सो रहा, अवैध शराब पर ये कर रही है कार्यवाही
रायगढ़। जब दूसरे विभाग के काम और जिम्मेदारी को दूसरा विभाग लगातार अंजाम दे रहा हो तो उसे क्या कहा जायेगा? यही न कि वह विभाग नींद में है। ऐसा ही हाल है रायगढ़ के आबकारी विभाग का। रायगढ़ में पुलिस पिछले लंबे समय से कच्ची शराब के ठिकानों पर लगातार दबिश देकर ताबड़तोड़ कार्यवाही कर रही है और रायगढ़ का आबकारी बस सो रहा है। अवैध शराब के मामले पकड़ना आबकारी के अधिकार क्षेत्र का काम है लेकिन रायगढ़ का आबकारी विभाग तो माशाल्लाह। एसपी के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से महुआ शराब बनाने और बेचने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी है। वहीं कोतवाली क्षेत्र में अवैध महुआ शराब को पूर्णत: प्रतिबंधित करने नगर कोतवाल ने क्षेत्र में मुखबिर लगाकर स्टाफ को मुखबिरों से लगातार सम्पर्क कर जानकारियां हासिल करने निर्देशित किया गया। आज सुबह मुखबिर ने अवैध शराब के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना दिये जाने पर टीआई ने सूचना को स्टाफ से तस्दीक कराई। सूचना थी कि ग्राम लाखा का भावेश डनसेना लाखा जंगल में बिक्री करने के लिए अवैध रुप से महुआ शराब निर्माण कर रहा है। पुख्ता सूचना पर कोतवाली टीआई के उप निरीक्षक मानकुंवर, सहायक उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, प्रधान आरक्षक नंदु सारथी, श्यामदेव साहू, शंकर क्षत्रिय, आरक्षक उत्तम सारथी, मनोज पटनायक ने आज कार्रवाई की गई। लाखा जंगल डेम के पास सूनसान जगह पर एक व्यक्ति प्लास्टिक जरिकन, पन्नी में काफी मात्रा में कच्ची महुआ शराब पेकिंग कर रहा था, जहां शराब निर्माण करने का चूल्हा एवं निर्माण पात्र भी मिला। पूछताछ करने पर अपना नाम भावेश डनसेना 19 वर्ष लाखा का रहने वाला बताया और स्वतः शराब बनाकर बिक्री करने के लिए रखना बताया जिसके कब्जे से 60 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरिकन में भरा हाथ भट्ठी का बना महुआ शराब और दो प्लास्टिक पन्नी में भरा महुआ शराब कुल 149 बल्क लीटर महुआ शराब कीमत करीब 29,800 रुपये एवं शराब निर्माण उपयोग में लाया गया सिल्वर का छोटा बड़ा तीन गंज, दो टीना का टिपा एक प्लास्टिक पाईप, एक प्लास्टिक का डिब्बा जब्त किया गया है। आरोपी पर थाना कोतवाली में आबकारी एक्ट की कार्यवाही की गई है। कार्यवाही के क्रम में ग्राम लाखा के डनसेना होटल के आगे मेन रोड में मोटरसायकल CD डिलक्स क्रं. CG13–S/9871 पर आरोपी सुभाष यादव 25 वर्ष साकिन लाखा को शराब परिवहन करते पकड़ा गया है, जिसके पास से 17 लीटर महुआ शराब बरामद हुआ है। वहीं एक अन्य कार्यवाही में ग्राम लाखा के जंगल से अवैध रूप से आरोपी त्रिनाथ यादव 30 वर्ष साकिन लाखा को शराब लेकर आते हुए पकड़े,जिसके पास से 14 लीटर महुआ शराब की जब्त की गई है। इस प्रकार आज तीन कार्रवाई में कोतवाली पुलिस ने 180 लीटर महुआ शराब की जब्ती की गई है, जिनके आरोपियों पर आबकारी एक्ट की कार्यवाही कर रिमांड पर भेजा गया है।




