फास्टैग ने बढ़ाई मुसीबत: रायपुर-बिलासपुर NH पर लंबा जाम
रायपुर। छत्तीसगढ़ में फास्टैग लेकर वाहन धारियों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। ज्यादातर टोल प्लाजा में लम्बी लाइन देखी जा रही हैं। केंद्र सरकार ने 1 जनवरी 2020 से देश के तमाम टोल प्लाजा में फास्टैग को अनिवार्य कर दिया है, लेकिन इस अनिवार्यता ने अभी से मुसीबत बढ़ाना शुरू कर दिया है। शनिवार को सुबह से ही रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने एक टोल प्लाजा में सैकड़ों गाड़ियों की लंबी कतार लगी है। टोल प्लाजा में कैश शुल्क देने वाली गाड़ियों के लिए सिर्फ एक ही गेट खोल के रखा गया है। बाकी सारे गेट बंद कर दिए गए हैं। फास्टैग वाली गाड़ियों के लिए एक अन्य गेट को खोल कर रखा गया है। ऐसे में कैश देकर टोल प्लाजा को पार करने वाली तमाम गाड़ियां लंबी कतारों में खड़ी है।
सफर करने वाले वाहन धारकों के मुताबिक़ सबसे बड़ी मुसीबत यह है कि कैश शुल्क देकर पार होने वाली गाड़ियों के लिए सिर्फ एक ही गेट खोल के रखा गया है। ऐसी स्थिति में गाड़ियों की संख्या दोनों ओर से बढ़ गई है। बेहद लंबी कतार दोनों तरफ लगी हुई है।




