जनसुनवाई पत्थरबाजी मामले में 15 नामजद सहित सैकड़ों ग्रामीणों पर एफआईआर दर्ज
जगदलपुर। जिले के बस्तर ब्लॉक के काकड़ीघाट ग्राम चपका में गोपाल स्पंज आयरन प्लांट के लिए आयोजित जनसुनवाई के दौरान हुई पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने 15 नामजद में बबलू उर्फ मधु बघेल, कैलाश मौर्य, समलू मौर्य, संतोराम (पंच), धानु बघेल, भागरती बघेल, कमलेश भारती, पीली बाई (पूर्व सरपंच), मनबोध पिता मंसु, भालू पिता चुम्मन, सकरू पिता बैसाखु, जयनाथ पिता मंगलु सहित सौ से अधिक ग्रामीणों के विरूद्ध अपराध दर्ज किया है। पुलिस इनके खिलाफ आईपीसी 147, 148, 294, 307, 323, 341, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में नितिन जैन, राजेश व भारत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाया है। ज्ञात हो की गोपाल स्पंज आयरन प्लांट के जनसुनवाई में आक्रोशित ग्रामीणों ने नारायणपुर विधायक के काफिले पर पत्तरबाजी करते हुए दौड़ाया था।
प्राथी नितिन जैन ने पुलिस को बताया की मेरा पैतृक गांव सोनारपाल है, स्पंज आयरन प्लांट की स्थापना के संबंध में ग्राम चपका मारकंडी नदी के पास जन सुनवाई थी। उक्त जन सुनवाई में मैं स्वयं प्लांट के समर्थन में गया था, मैने समर्थन में अपना पक्ष भी रखा था। जन सुनवाई समाप्त होने के बाद प्लांट के विरोधी पक्ष ने आने जाने का मार्ग अवरूद्ध कर राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित कर दिया था। मैं उक्त प्रस्थापित स्थान पर ही अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फस गया था। तभी प्लांट के विरोधी पक्ष के लोगों ने मेरी हत्या करने के नियत से अचानक मेरे उपर डंडे तथा पत्थर से हमला कर दिये, मैं अपनी जान बचाने हेतु पुलिस गाड़ी बोलेरो वाहन में घूस गया। उसके बाद भी उक्त लोगों ने पुलिस की वाहन में पत्थरबाजी के साथ तोड़- फोड़ किया गया। इस दौरान मुझे भी डंडे और पत्थर से मारपीट की गई, जिससे मेरे सिर पर गंभीर चोटे आई। यदि पुलिस बीच बचाव नही करती तो मेरी हत्या हो जाती।




