पहले किया सरकारी जमीन पर कब्जा, फिर बेच भी दिया...
बिलासपुर । मुंगेली जिले में शमशान तथा गोचर भूमि पर बेजा कब्जा करने को लेकर दायर जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने राज्य शासन जिला प्रशासन व बेजा कब्जाधारियों से जवाब दाखिल करने के लिए कहा है। जानकारी के मुताबिक मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र के ग्राम धोबघट्टी में शमशान व गोचर भूमि पर कब्जा कर लोगों ने मकान बना लिया है। कुछ लोगों ने उसे बेच भी दिया है। इसे लेकर संतोष कश्यप ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका प्रस्तुत की। उन्होंने इसमें कहा कि जिले में शमशान गौठान, चारागाह, निस्तारी रास्ता सहित अधिकांश सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। इसकी शिकायत किए जाने के बावजूद कब्जा हटाने के लिए प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मामले की सुनवाई करते हुए कार्यवाहक चीफ जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा व जस्टिस पार्थ प्रतिम साहू की डबल बेंच ने राज्य शासन, जिला प्रशासन व बेजाकब्जा धारियों को नोटिस जारी किया है।




