सेंट्रल वर्कशॉप के स्टोर से केबल ले जाने वाले पांच डकैत गिरफ्तार, पढ़ें पूरी खबर
कोरबा | सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर एसईसीएल के सेंट्रल वर्कशॉप के स्टोर से 25 मीटर लंबा केबल तार ले जाने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ डकैती का मामला पंजीबद्ध किया गया है। आरोपितों से केबल तार भी बरामद कर लिया गया है।
मानिकपुर चौकी अंतर्गत एसईसीएल के सेंट्रल वर्कशॉप में गुरुवार की देर रात करीब 20 से 25 की संख्या में कुछ लोग घुस गए और सुरक्षा कर्मी रोशन कुमार चौहान को बंधक बना लिया। उसके साथ मारपीट करते हुए 25 मीटर लंबा एल्यूमीनियम का केबल ले भागे। सुरक्षा कर्मी रोशन ने एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों को इस घटना से अवगत कराया, साथ ही मानिकपुर पुलिस चौकी में भी इसकी शिकायत की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अज्ञात युवकों की पतासाजी में जुटी थी। खोजबीन में लगी पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली की कुछ युवक पिछले दो दिन से स्टोर की रेंकी कर रहे थे। इस आधार पर पुलिस ने डिपरापारा निवासी दाउराम टंडन पिता पीलाराम टंडन, जेपी कॉलोनी निवासी आकाश खन्ना पिता राजेश खन्ना, रामनगर निवासी प्रकाश चौहान पिता सहारन चौहान, रामनगर निवासी राहुल सारथी पिता मोतीलाल सारथी को गिरफ्तार कर थाने ले आई। कडाई से पूछताछ करने पर उन्होंने सुरक्षा कर्मी को बंधक बनाकर केबल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपितों से चोरी गए केबल को भी बरामद कर लिया है। आरोपितों ने अपने साथियों का नाम भी उगल दिया है। उनके शेष फरार साथियों की तलाश में पुलिस लगी है। सभी आरोपितों के खिलाफ डकैती का मामला धारा 395 के तहत पंजीबद्ध किया गया है।




