इस वर्ष के लिए चयनित हज आवेदकों को अगले साल की हज यात्रा में दी जाए प्राथमिकता : छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी की मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद असलम खान ने केन्द्र सरकार से मांग की है कि वर्तमान वर्ष 2020 की हज यात्रा के लिए चयनित आवेदकों को अगले साल 2021 की हज यात्रा में प्राथमिकता दी जाए।
कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद असलम खान ने आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि हज मंत्रालय सउदी अरब से प्राप्त सूचना के परिपालन में मुख्तार अब्बास नकवी, केन्द्रीय मंत्री अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा भारत से जाने वाले हज यात्रियों की हज यात्रा 2020 को निरस्त किये जाने और सभी हज यात्रियों को बिना कटौती के उनके द्वारा जमा संपूर्ण राशि वापस किये जाने की घोषणा की गई है। श्री खान ने बताया कि सउदी सरकार द्वारा कोविड-19 के संक्रमण के कारण हज यात्रियों की सुरक्षा व उनके स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए हज 2020 हेतु केवल स्थानीय निवासियों को बहुत कम संख्या में अनुमति देने का निर्णय लिया गया है। अंतर्राष्ट्रीय हज यात्रियों के लिए इस वर्ष सउदी अरब जाने पर पाबंदी लगाई गई है।
खान ने प्रेस विज्ञप्ति में यह भी बताया कि हज 2020 हेतु महिला विथआउट मेहरम श्रेणी में पंजीकृत महिला हज यात्रियों को आगामी हज 2021 की हज यात्रा के लिए प्राथमिकता देने की घोषणा केन्द्रीय मंत्री श्री नकवी द्वारा गई है। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी की ओर से अध्यक्ष मोहम्मद असलम खान ने केन्द्रीय मंत्री से अपील की है कि हज 2020 के लिए चयनित समस्त हज यात्रियों को हज 2021 के लिए बिना कुर्राह में शामिल किये, प्राथमिकता दी जाये, ताकि वे अपना फरीजए हज मुकम्मल कर सकें। उन्हें पुन: हज 2021 के लिए हज आवेदन करने की प्रक्रिया की जरूरत न पड़े।
प्रेस विज्ञप्ति में मोहम्मद असलम खान ने बताया कि राज्य हज कमेटी को मिली सूचना के अनुसार हज 2020 के हज यात्रियों को उनके द्वारा हज यात्रा के लिए जमा कराई गई संपूर्ण रकम, कव्हर हेड द्वारा हज आवेदन फार्म में दिये गये बैंक एकाउंट में हज कमेटी ऑफ इंडिया भारत सरकार द्वारा बिना कटौती के वापस किये जावेगा। इस के लिए यात्रियों को पृथक से कोई फार्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी।




