कोटा से आ रहे विद्यार्थियों के लिए बनाये गए चार क्वारेंटाइन सेंटर, कलेक्टर, एसपी व नगर निगम कमिश्नर ने किया क्वारेंटाइन सेंटरों का निरीक्षण
रायपुर। कोटा राजस्थान से आने वाले विद्यार्थियों को क्वारेंटाइन करने कलेक्टर डॉ.एस.भारतीदासन के निर्देश पर 4 सेंटर बनाए गए हैं, जहां इन विद्यार्थियों को ठहराया जाएगा। इस हेतु नगर निगम कमिश्नर सौरभ कुमार ने आदेश जारी कर सभी सेंटरों के लिए समन्वय प्रभारी व जोन व सफाई की सुदृढ़ व्यवस्था हेतु प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए हैं।
इन चार सेंटरों में कुल 709 लोगों को ठहराने की व्यवस्था रायपुर में की गई है। इस संबंध में जारी आदेश में बताया गया है कि 709 विद्यार्थियों के लिए 4 क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाए गए हैं। इसमें शासकीय प्रयास कन्या विद्यालय गुढिय़ारी में 216 छात्राओं को ठहराया जाएगा। इसके लिए नगर निगम के सहायक अभियंता प्रदीप यादव को समन्वय प्रभारी बनाया गया है। इस सेंटर में जोन स्तर पर समन्वय हेतु उप अभियंता दीपक देवांगन एवं सफाई व्यवस्था हेतु जोन-1 के जोन स्वास्थ्य अधिकारी उमेश नामदेव को जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह ज्ञानगंगा एजुकेशन एकेडमी नरदहा, जहां 112 महिलाओं के रुकने की व्यवस्था की गई है। वहां के लिए नगर निगम के सहायक अभियंता निशिकांत वर्मा समन्वय प्रभारी होंगे तथा जोन-2 के उप अभियंता संतोष सोनी जोन स्तर पर समन्वय तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी सी.एस.वास्तव सफाई व्यवस्था के प्रभारी होंगे।
तीसरी क्वॉरेंटाइन सेंटर, गोयल स्कूल नरदहा में, जहां 100 छात्रों को ठहराया जाएगा, वहां पर सहायक अभियंता आभास मिश्रा समन्वय प्रभारी होंगे, साथ ही जोन-3 के साथ समन्वय हेतु जोन-3 के उप अभियंता अंशुल शर्मा जोन से समन्वय तथा जोन-3 के जोन स्वास्थ्य अधिकारी सी.एस.श्रीवास्तव सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय सड्डू में 281 छात्रों के ठहरने की व्यवस्था है। इस केंद्र में सहायक अभियंता राजेश राठौर समन्वय प्रभारी बनाए गए हैं एवं जोन-2 के उप अभियंता अजय श्रीवास्तव को जोन समन्वय तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी रवि लावण्या को सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
संचालक, स्वास्थ्य सेवाओं के आदेश के अनुरूप विद्यार्थियों के रायपुर पहुंचने के बाद उनकी स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों को 1 मीटर की दूरी पर बैठाने के लिए आवश्यक कुर्सी, टेबल एवं टेंट की व्यवस्था भी नगर निगम द्वारा की गई है। कलेक्टर डॉ.एस.भारतीदासन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आरिफ शेख तथा नगर निगम कमिश्नर सौरभ कुमार ने आज सभी क्वॉरेंटाइन सेंटरों में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। नगर निगम के स्वास्थ्य अमले ने भी आज इन सभी केंद्रों को सेनेटाइज कर फॉगिंग मशीन से दवा का छिड़काव किया है। इस क्वॉरेंटाइन सेंटर में विद्यार्थियों के भोजन व स्वल्पाहार की व्यवस्था नगर निगम कर रहा है और नगर निगम का सफाई अमला भी शहर में संचालित अन्य क्वॉरेंटाइन सेंटर की तरह यहां भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।




