नौकरी के नाम पर 3.80 लाख की ठगी, केस दर्ज
महासमुंद : नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक ने करीब 3.80 लाख रुपए की ठगी की है। कोतवाली प्रभारी शेर सिंह बंदे ने बताया कि वार्ड 21 विनोद कुमार तंबोली और आस-पास के युवाओं को कृषि विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर ग्राम किसड़ी निवासी शशि कुमार तांडी व गिरजाशंकर भारती ने ठगी की है।
प्रार्थी से ग्राम तुसदा निवासी गिरजाशंकर भारती ने मुलाकात की और शशि कुमार तांडी के विषय में कहा कि वह नायब तहसीलदार के पद पर दुर्ग में पदस्थ हैं, जिसने उनकी महिला एवं बाल विकास रायपुर में चपरासी के पद नौकरी लगवाई। वो किसी भी विभाग में सरकारी नौकरी लगवा सकता है। प्रार्थी उसके झांसे में आ गया और कृषि विभाग में नौकरी लगवाने के लिए 3.80 लाख रुपए दे दिए। बाद में पता चला कि शशि कुमार तांडी लोगों को फर्जी नियुक्ति पत्र दे रहा है।
इधर, प्रार्थी रुपए की वापसी के लिए महीनों से आरोपियों के घर का चक्कर काट रहा है। प्रार्थी ने जब शशि भारती के संबंध में पतासाजी की तो पता चला कि गिरजा शंकर व शशि नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करते हैं और फर्जी नियुक्त पत्र देते हैं। आरोपियों ने तुसदा निवासी युवराज दुबे पिता संतोष दुबे, वार्ड 03 अयोध्या नगर निवासी अनिल कुमार देवदास पिता मेवा लाल देवदास, वार्ड क्रमांक-16 निवासी शरद कुमार सोनी पिता प्रहलाद सोनी से भी नौकरी लगाने के नाम पर रुपए लिया और फर्जी नियुक्त पत्र दिया है।




