च्वाईस सेंटरों में बनाया जा रहा निःशुल्क आयुष्मान कार्ड
जगदलपुर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और डाॅ खूबचंद स्वास्थ्य सहायता योजनांतर्गत अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ देने आयुष्मान अभियान का 1 मार्च से 31 मार्च तक किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार जिले के च्वाईस सेंटरों में समस्त राशन कार्ड धारी परिवार को निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाकर दिया जाएगा। जिसमें प्राथमिकता और अंत्योदय वाले राशन कार्ड धारी परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रूपए और अन्य राशन कार्ड धारी परिवारों को 50 हजार तक की चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी। जो कि राज्य के किसी भी पंजीकृत निजी और शासकीय चिकित्सालय में प्रदान की जाती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. चतुर्वेदी ने बताया कि अधिक से अधिक परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाने के उद्देश्य से शासन आपके द्वार आयुष्मान अभियान का शुभारंभ किया गया है, जिसमें जिले के समस्त च्वाईस सेंटरों में हितग्राहियों को निशुल्क आयुष्मान का कार्ड बनाकर दिया जाएगा। आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए नागरिकों को परिवार पहचान के लिए राशन कार्ड और व्यक्तिगत पहचान के लिए आधार कार्ड और मोबाईल नम्बर सहित च्वाईस सेंटर में जाना होगा। च्वाइस सेंटर से हितग्राहियों को उनकी पात्रता के आधार पर आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनाया जाएगा।




