राजधानी में फिर जागा फायर ऑडिट का जिन्न, चिकित्सालय भवनों-अस्पतालों की होगी जांच
रायपुर। राजधानी जैसे जगह में जब कोई बड़ी आगजनी होती है, तब-तब हर बार फायर ऑडिट का जिन्न जांच के नाम पर बाहर आता है, लेकिन जांच के बाद रिपोर्ट किस बास्ते में दफन होती है, यह बता पाना विभाग के लिए भी मुश्किल होता है। रायपुर में सालों पहले हुए गोलबाजार के तुलसी होटल आगजनी में 6 व्यापारियों ने अपनी जान से हाथ गंवाई थी, जिसके बाद विभाग ने पूरे शहर के होटलों और अस्पतालों की फायर ऑडिट की, लेकिन 6 व्यापारियों के जान जाने का कारण अब तक सामने नहीं आया। और न ही विभाग ने ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक की।
इसी तरह एक बार फिर जब राजधानी के एक निजी अस्पताल में आगजनी हुई, जिसमें 6 कोरोना संक्रमित मरीजों की जान चली गई तब एक बार फिर रायपुर कलेक्टर डॉ एस भारततीदासन ने जिले के चिकित्सालय भवनों और अस्पतालों में अग्निशमन सुरक्षा के मापदण्डों का कड़ाई से पालन करने के लिए फायर ऑडिट, अग्नि सुरक्षा एवं अन्य मानको की जांच करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन एक बात सभी की समझ से परे है कि किसी हादसे के बाद होश में आने वाला जिन्न आखिर जाता कहाँ है ये किसी को पता नहीं चलता।
वैसे इस बार कलेक्टर रायपुर डॉ. भारतीदासन ने डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय दण्डधिकारी पूनम शर्मा को नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक 1, डिप्टी कलेक्टर एवं कार्यपालक दण्डाधिकारी मुकेश कोठारी रायपुर को जोन क्र. 2, डिप्टी कलेक्टर एवं क्षेत्रिय उपायुक्त भू अभिलेख गीता दीवान को जोन क्र. 03, संयुक्त कलेक्टर एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी रायपुर राजीव पांडेय को जोन क्र. 04, संयुक्त कलेक्टर एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी (नगर) रायपुर संदीप कुमार अग्रवाल को जोन क्र. 05, डिप्टी कलेक्टर एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी रायपुर विकास प्राधिकरण नवीन ठाकुर को जोन क्र. 06, डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी नगर जगन्नाथ वर्मा को जोन क्र. 07, संयुक्त कलेक्टर एवं महाप्रबंधक छ.ग.पा.पु.नि. रायपुर अरविन्द पाण्डेय को जोन क्र. 08, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक संचालक संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायपुर अवंती गुप्ता को जोन क्र. 09, तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी रायपुर अमित वेग को जोन क्र. 10 में रखा गया है।
इन दलों में अन्य विभागों जैसे नगर निगम, नगर एवं ग्राम निवेश, नगर सेना, लोक निर्माण विभाग, विद्युत मंडल, विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग तथा पुलिस विभाग के अधिकारी भी शामिल है। इसी तरह अनुविभागीय दण्डाधिकारी, रायपुर नगर पालिक निगम रायपुर के क्षेत्र को छोड़कर शेष रायपुर अनुभाग के अन्तर्गत आने वाले अस्पतालों का निरीक्षण करेंगे।
अनुविभागीय दण्डाधिकारी अभनपुर और आरंग अपने अनुभाग क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले अस्पतालों का निरीक्षण करेंगे। इन दलों के द्वारा रायपुर जिला क्षेत्र अन्तर्गत स्थित चिकित्सालय भवनों और अस्पतालों में अपनी सुरक्षा मानकों की जांच करेंगें और निर्धारित प्रारूप में प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।




