कक्षा पहली से 9 वीं एवं ग्यारहवीं के छात्र-छात्राओं का जरनल प्रमोशन देते हुए अगली कक्षा के लिए करेंगे सूची तैयार
महासमुंद। कक्षा पहली से नौवीं व ग्यारहवीं के छात्र-छात्राओं को जरनल प्रमोशन देने के बाद इन सभी छात्र-छात्राओं के मार्कशीट तैयार किए जाएंगे। इसके साथ अगली कक्षा में क्रमोन्नति देते हुए छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रजिस्टर की तैयारी शुरू हो गई है । नया सत्र शुरू होने के लिए 20 दिन शेष रहा गया है। कोरोना संक्रमण के कारण वर्तमान में लॉकडाउन है । 30 के बाद स्थिति पर यदि सुधार नहीं आए तो लॉकडाउन कुछ बंदिशों के साथ बढ़ सकता है । वहीं 15 जून से स्कूल खुलेंगे या नहीं इस पर सरकार विचार नहीं कर पाई है । कोरोना की तीसरी लहर से बच्चों को बचाना है । इसलिए स्कूल खुले या ना खुले लेकिन ऑनलाइन पढ़ाई सहित अन्य गतिविधियां शुरू करने के लिए ओदश शिक्षा विभाग ने सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्राचार्यों को दे दिया है । इस संबंध में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी व आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्या एस चंद्रसेन ने बताया कि पहली से नौवीं एवं ग्यारहवीं के छात्रों को जरनल प्रमोशन दे दिया गया है । बच्चों के मार्कशीट के साथ अगली कक्षा के लिए उनके नाम रजिस्टर किए जा रहे हैं, ताकि नए सत्र में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े । मार्कशीट व रजिस्टर तैयार हो रहे है, इसके साथ 15 जून से ऑनलाइन पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियां भी शुरू हो जाएंगी । इसके लिए स्कूल खुले या ना खुले । बता दें कि कोरोना संक्रमण के कारण इस साल भी लोकल कक्षाओं की परीक्षा नहीं हुई । संक्रमण को देखते हुए शिक्षा विभाग ने लोकल कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में जरनल प्रमोशन दे दिया है ।




