हटिया मुंबई एक्सप्रेस हो रही थी मानव तस्करी...आरपीएफ ने पकड़ा
रायगढ़। हटिया से मुंबई जाने वाली एक्सप्रेस 12812 में रायगढ़ आरपीएफ ने दो संदिग्ध व्यक्तियों के साथ कुछ बच्चों को देखा तो उन्हें कुछ शक हुआ और उनके पास से 6 बच्चों को बरामद किया जिन्हें तस्करी करके झारखंड से ले जाया जा रहा था।
कोच संख्या एस-01 मे यात्रा के दौरान मनोज टूड्डू पिता बाबू लाल टूड्डू उम्र 30 वर्ष द्वारा झारखंड के हजारी बाग जिले के कुछ बच्चों को ले जाया जा रहा था। मामला संदेहास्पद प्रतीत होने पर बच्चो से पूछताछ की गई जिसपर बच्चो ने मूलतः हजारी बाग झारखण्ड निवासी होना बताया।
ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते एवं मानव तस्करी के विरूध अभियान को मद्दे नजर रखते हुए अग्रिम एवं विस्तार जाॅच की गई। मामले की जानकारी उच्च अधिकारी को दी गई. इसके बाद गाड़ी संख्या 12812 के बिलासपुर आगमन पर सहायक सुरक्षा आयुक्त आर जेम्स, निरीक्षक भास्कर सेानी एवं रेलवे चाइल्ड लाईन बिलासपुर कर्मचारी अल्का फाॅल्क एवं अन्य द्वारा अटेण्ड किया गया। उक्त सभी से पूछताछ मे 06 नाबालिक बच्चे पाए गए, जिसमें आगे पूछताछ में नाबालिको द्वारा श्रमिक कार्य के लिए सूरत व कर्नाटक जाना बताया गया पूछताछ में साफ था कि बच्चों को बहला-फुसलाकर काम के लिए दूसरे राज्य भेजा जा रहा था.
मानव तस्करी का मामला

रेलवे चाइल्ड लाईन बिलासपुर द्वारा घटना की जानकारी बाल कल्याण समिती बिलासपुर को दी गई। ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते के अंतर्गत उक्त 6 नाबालिकों को उप निरीक्षक कुलदीप सिंह द्वारा रेलवे चाइल्ड लाइन बिलासपुर को सुपुर्द किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामला मानव तस्करी से जुड़ा हुआ है. झारखंड से गरीब तबके के बच्चों की तस्करी कर दूसरे राज्यों में भेजने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. इस मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है. आरोपी के नेटवर्क का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है. दूसरी ओर बच्चों के परिवार वालों को भी मामले की सूचना दे दी गई है.




