निलंबित एडीजी जीपी सिंह की याचिकाओ पर हाईकोर्ट में हुई सुनवाई, कोर्ट ने राज्य सरकार से मांगी केस डायरी
बिलासपुर। आय से अधिक चल-अचल संपत्ति एवं राजद्रोह मामले में फंसे निलंबित एडीजी जीपी सिंह की याचिकाओं पर उच्च न्यायालय बिलासपुर में सुनवाई हुई। न्यायालय ने सुनवाई के दौरान राज्य सरकार से इस मामले की केस डायरी मांगते हुए अगली सुनवाई की तारीख 20 जुलाई तय की है।
एडीजी जीपी सिंह के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू-एसीबी की छापेमार कार्यवाही में 10 करोड़ से अधिक की चल-अचल सम्पत्ति का पता लगाया गया है। इस कार्यवाही के बाद जीपी सिंह के घर पर पुलिस लगातार नजर रखे हुए थे। संभावना जतायी जा रही थी कि जीपी सिंह की कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। इसका आभाष संभवत: जीपी सिंह को भी था और इससे पहले ही वे घर से अचानक गायब हो गए। उनके घर से इस तरह से गायब होने के बाद ईओडब्ल्यू-एसीबी ने जीपी सिंह के घर से मिले महत्वपूर्ण दस्तावेजों को आधार बनाकर उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत की। जिस पर पुलिस ने जीपी सिंह के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया। इस बीच जीपी सिंह ने अपने वकील के जरिए हाईकोर्ट में दो याचिका लगाई है जिसमें उन्होंने जहां उनके खिलाफ पुलिस द्वारा जारी जांच को रोकने की मांग की है, वहीं उनके मामले की जांच सीबीआई से कराये जाने की मांग की है। आज दोनों याचिकाओं पर उच्च न्यायालय में सुनवाई हुई। इस दौरान न्यायालय ने राज्य सरकार से केस डायरी मांगी है। सरकारक जवाब आने के बाद ही जीपी सिंह के अंतरिम राहत की मांग सुनवाई होगी। मामले की अगली सुनवाई अब 20 जुलाई मंगलवार को होगी।




