दो मोटरसायकल के बीच जबरदस्त भिड़ंत, दो की मौत
रायपुर : रायपुर जिले के नेवरा थाना क्षेत्र में ग्राम छछानपैरी में बीती रात दो मोटरसायकल के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई, वहीं 02 घायल हो गये। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम छछानपैरी में वर्मा बाड़ी के पास मेन रोड पर 29 मार्च की रात करीब 8.30 बजे दो मोटरसायकल के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे के समय दोनों मोटरसायकल इतनी तेज गति में थी कि इस हादसे में दोनों मोटरसायकल में सवार राकेश पिता रमेश यादव 22 वर्ष निवासी कठिया खरोरा और देवेन्द्र पिता सीयाराम वर्मा 31 वर्ष निवासी मोहरा सुहैला की मौत हो गई, जबकि कमलेश यादव पिता गणेश यादव 32 वर्ष और मनोहर यादव पिता सुखराम यादव 50 वर्ष घायल हो गये। हादसे के बाद घायल हुए दोनों लोगों की रिपोर्ट पर पुलिस ने इस मामले में धारा 279, 337, 304ए के तहत काउंटर अपराध दर्ज किया है।




