तेज बारिश ने ढहाया ग्रामीणों का आशियाना
भैयाथान: विकासखंड भैयाथान क्षेत्र में विगत चार दिनों से लगातार हो रहे तेज बारिश से कई मकान गिरने की खबर आई है। ग्राम पंचायत हर्रापारा, बड़सरा, करौंदा मुड़ा में कई घर ध्वस्त हो गए हैं जिससे ग्रामीणों को काफी आर्थिक क्षति हुई है। कई परिवारों को तो अब रहने का भी संकट गहरा गया है।
मालूम हो कि विगत चार दिनों से क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही है जिससे खेत खलिहान जलमग्न हो गए हैं। अब बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों के कच्चे घरों में दिखाई देने लगा है। कच्चे घरों में सिढन आ गया है। लगातार बारिश और सीढ़े हुए घर अब गिरने लगे हैं।कल रात्रि में हुए तेज बारिश से बड़सरा निवासी अरविंद साहू का घर अचानक गिर गया जिससे एक बकरी दबकर मर गई तथा कई बकरियां घायल हो गई हैं तथा क्रांकिट सीट, खपड़ा व कंडी टूट गए हैं। वहीं शेषमनी का भी घर गिर गया है जिससे दर्जनों क्रांकिट सीट टूटकर बिखर गया है।
गनीमत बीते रात परिवार के सभी सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। करौंदा मुड़ा निवासी भैया लाल का दीवार भी गिर गया है जिससे क्रांकिट सीट सहित छप्पर जमींदोज हो गया। साथ ही कई लोगों का अहाता भी गिर गया है। हर्रापारा निवासी मनोज केवर्त के घर पर विशाल इमली पेड़ गिर गया जिससे घर की आंशिक क्षति हुई है। घर मालिकों ने आर्थिक मदद के लिए प्रशासन से गुहार लगाई।
तत्काल सहायता राशि दिए जाने की हो रही है प्रशंसा
विगत दिनों बड़सरा निवासी सुशील यादव का मकान गिर गया था। प्रशासन ने तत्काल हल्का पटवारी ने क्षतिग्रस्त मकान का भौतिक निरीक्षण कराकर तत्काल 6–4 का प्रतिवेदन बनाकर जमा कराया और अगले दिन मकान मालिक को सहायता राशि 5000/ रुपए का चेक दिया जिसकी क्षेत्र में काफी प्रशंसा हो रही है।




